February 16, 2026

NCR Live News

Latest News updates

यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ने बाल कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक किया,कैंसर से जंग जीत चुके बच्चों के साथ मनाया गया जिंदगी का जश्न।

एनसीआर लाइव:ग्रेटर नोएडा: 15 फ़रवरी 2026। अंतरराष्ट्रीय बाल कैंसर दिवस के अवसर पर 15 फरवरी को यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में कैंसर को मात दे चुके बच्चों के साथ जिंदगी का जश्न मनाया गया।कार्यक्रम में 4 ऐसे बच्चे शामिल हुए, जिन्होंने कठिन उपचार के बाद स्वस्थ जीवन की ओर वापसी की है।

इस अवसर पर केक काटा गया, बच्चों के साथ गेम्स खेले गए और उन्हें सम्मानित किया गया। उनके चेहरे की मुस्कान पूरे माहौल को उम्मीद और हौसले से भर रही थी।

कार्यक्रम में बच्चों का इलाज करने वाले वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. (मेजर) रवि शंकर, कंसल्टेंट, पीडियाट्रिक, हीमेटो-ऑन्कोलॉजी एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांट, भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सहित पूरी दुनिया में बच्चों में सबसे अधिक पाया जाने वाला कैंसर ब्लड कैंसर है।

डॉ. रवि शंकर ने कहा, “अगर बच्चे को बार-बार बुखार आ रहा हो, खून की कमी दवाओं से ठीक न हो रही हो, असामान्य रक्तस्राव हो, शरीर में गांठ दिखे या लगातार जोड़ों में दर्द रहे, तो इसे सामान्य बीमारी समझकर नजरअंदाज न करें। समय पर साधारण जांच भी बड़ी बीमारी को शुरुआती स्टेज में पकड़ सकती है।”

उन्होंने यह भी बताया कि छोटे शहरों और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में लक्षण सामान्य बीमारियों जैसे लगने के कारण पहचान में देरी हो जाती है। “यदि बीमारी का पता शुरुआती अवस्था में चल जाए तो 90 से 95% तक इसका इलाज संभव है। बच्चों में कैंसर का इलाज बड़ों की तुलना में अधिक सफल रहता है।

देश में हर साल लगभग 50,000 से 60,000 नए बाल कैंसर के मामले सामने आते हैं। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के कारण अब अधिक मामलों की पहचान हो रही है।

डॉ. रवि शंकर ने एक ऐसे बच्चे का उदाहरण भी साझा किया जिसने कई बार बीमारी लौटने के बाद भी हिम्मत नहीं हारी और अंततः बोन मैरो ट्रांसप्लांट के बाद वह स्वस्थ हुआ। उन्होंने कहा कि हर बच्चा एक योद्धा है। सही समय पर सही उपचार मिले तो बच्चों में होने वाले कैंसर को हराया जा सकता है।

डॉ. कपिल त्यागी, मैनेजिंग डायरेक्टर, Yatharth Super Speciality Hospital ने कहा, “इस अवसर पर इन बहादुर बच्चों के साथ जिंदगी का जश्न मनाना हमारे लिए गर्व का क्षण है। समय पर पहचान और समर्पित उपचार से 90–95% तक इलाज संभव है।”

अमित सिंह, ग्रुप CEO, Yatharth Hospital ने कहा, “बाल कैंसर के खिलाफ जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। सही समय पर जांच, आधुनिक तकनीक और समर्पित टीम के सहयोग से हम बच्चों को स्वस्थ, सुरक्षित और आशावान भविष्य दे सकते हैं।”

डॉ. सुनील बलियान, COO Yatharth Hospital Greater Noida ने कहा, “बच्चों में कैंसर का समय पर निदान जीवन बचा सकता है। अभिभावकों की सजगता और विशेषज्ञ उपचार से 90–95% तक सफल इलाज संभव है, यही हमारा संकल्प और प्रतिबद्धता है।”

अस्पताल की इस पहल ने यह संदेश दिया कि जागरूकता और समय पर इलाज से बच्चों को नया जीवन दिया जा सकता है।

About Author

एक्सक्लूसिव खबरें