ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में 100 इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए मंगलवार को एमओयू साइन किया गया। पहला चार्जिंग स्टेशन अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट में अगले दो हफ्ते में शुरू करने का लक्ष्य है।

राष्ट्रीय विद्युत गतिशीलता योजना के अंतर्गत देश भर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है। इस मुहिम में ग्रेटर नोएडा भी शामिल हो गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण के निर्देश पर ग्रेटर नोएडा में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 100 जगहों पर चार्जिंग स्टेशन बनने जा रहा है। इसके लिए प्राधिकरण ने मंगलवार कनवर्जेंस एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल की सब्सिडरी कंपनी ) के साथ अनुबंध कर लिया है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ दीप चंद्र की मौजूदगी में वाणिज्य सेल के प्रभारी व ओएसडी नवीन कुमार सिंह व सीईएसएल के अधिकारी ने अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। एसीईओ ने सीईएसएल से अगले दो सप्ताह में पहला चार्जिंग स्टेशन अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट में बनाने का लक्ष्य दिया है। सीईएसएल के प्रतिनिधियों ने भी इस पर हामी भर दी है। शेष चार्जिंग स्टेशनों की जगह चिंहित करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और सीईएसएल की टीम संयुक्त टीम सर्वे करेगी। अगले 10 दिन में सर्वे रिपोर्ट सबमिट करेगी। उन्हीं जगहों पर चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। ये उन जगहों पर बनाए जाएंगे, जहां पर वाहनों की आवाजाही अधिक होगी। मसलन, ग्रेटर नोएडा के प्रमुख बाजारों, चौराहों, मॉल, प्रमुख मार्गों, सरकारी दफ्तरों के आसपास ये चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इन स्टेशनों के लिए नोएडा प्राधिकरण जगह उपलब्ध कराएगा। शेष सुविधाएं सीईएसएल विकसित करेगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने कहा कि सीईएसएल के सहयोग से बनने वाले इन चार्जिंग स्टेशनों से इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को बहुत सहूलियत होगी। सीईएसएल के एमडी व सीईओ महुआ आचार्य ने कहा कि ग्रेटर नोएडा एशिया के प्रमुख औद्योगिक शहरों में से एक है। यहां पर इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने का भरपूर मौका है।



More Stories
उत्तर प्रदेश सरकार ने तुंरत लिया संज्ञान,यूपी सरकार ने गौतम बुद्ध नगर में औद्योगिक असामंजस्य के समाधान हेतु उच्च स्तरीय कमेटी का किया गठन।
नोएडा: श्रमिकों के प्रदर्शन पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क,अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई जारी,नोएडा CP लक्ष्मी सिंह ने शांति और भरोसे का दिया संदेश।
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की भावनात्मक अपील- परिवार सबसे बड़ी पूंजी, मिल-बैठकर हल करें पारिवारिक समस्याएं।