फर्रुखाबाद : जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बुधवार को अपर जिलाधिकारी सुभाष चंद्र प्रजापति के साथ बालू भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया। तहसील सदर में चांदपुर और अमृतपुर में कुतलूपुर में बालू के विशाल डंप देखकर दंग रह गए। उन्होंने मौके पर वीडियो ग्राफी कराई और भंडारित बालू के ढेर की पैमाइश भी कराई। मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं।
शासन के आदेश पर जिला प्रशासन ने अवैध खनन के मामले में रुख कड़ा कर लिया है। दरअसल जुलाई, अगस्त व सितंबर में बालू खनन पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहता है। इस दौरान बालू आपूर्ति के लिए खनन पट्टेदारों को बालू भंडारण की अनुमति दी जाती है। जिलाधिकारी ने बुधवार को इन भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया। हालांकि निर्धारित स्थलों पर बालू के विशालकाय भंडारण को देख कर वह हैरान रह गए। चांदपुर में पांच हजार व कुतलूपुर में 15 हजार घनमीटर बालू भंडारण की अनुमति है। इस बालू भंडार का 90 प्रतिशत भाग 30 सितंबर तक बिक्री किया जाना है। जिलाधिकारी ने काफी मात्रा में बालू भंडारित देख मौके पर इसकी वीडियोग्राफी व पैमाइश भी कराई। गुरुवार को संबंधित एसडीएम के माध्यम से बालू डंप की जांच कराई जाएगी। डीएम ने बताया कि मानक से अधिक खनन कर बालू को डंप किया गया है। एसडीएम व खनन अधिकारी राजीव रंजन को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए है। अवैध खनन बंद कराने व माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अधिक खनन मिलने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति मौजूद रहे।
खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
संवाद सूत्र, राजेपुर : ठेकेदार द्वारा खनन कर बदायूं मार्ग पर कुतलूपुर गांव के निकट कई बालू के ढेर लगा रखे हैं। तेज हवा चलने पर बालू उड़कर सड़क पर आती है। जिससे दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। बुधवार को जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने कुतलूपुर पहुंच बालू के ढेर का निरीक्षण किया। बालू के ऊंचे ढेर देख डीएम दंग रह गए। डीएम ने एसडीएम गौरव शुक्ला से बालू के लगे ढेर की पैमाइश कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। डीएम ने एसडीएम को अवैध खनन करने वाले माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने एसपी से मोबाइल पर बात कर अवैध खनन रोकने के लिए कहा।



More Stories
सीएम योगी “स्कूल चलो अभियान” का वाराणसी से करेंगे भव्य शुभारंभ,नामांकन, पाठ्य-पुस्तक वितरण और जन जागरूकता पर रहेगा विशेष जोर।
दिल्ली – इंडिगो एयरलाइंस ने हवाई किराया बढ़ाया,आज रात 12 बजे से लागू।
यशोदा मेडिसिटी ने एमएमजी ज़िला अस्पताल,गाज़ियाबाद के साथ एआई-सक्षम ई-आईसीयू कमांड सेंटर की शुरुआत की,केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे. पी.नड्डा ने किया उद्घाटन।