गौतमबुद्धनगर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा बैठक संपन्न।
संवाददाता: जे.एस.सिसोदिया

गौतमबुद्धनगर 04 जुलाई, 2026 अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण, लंबित प्रकरणों, शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक, विभागवार प्रगति एवं जनपद की रैंकिंग की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक शिकायत का शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी विभाग डिफाल्टर अथवा बॉटम-10 की श्रेणी में न पहुंचे। सभी अधिकारी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष ध्यान देते हुए अपने विभाग की रैंकिंग में निरंतर सुधार सुनिश्चित करें।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने निर्देश दिए कि माह जुलाई में जिन विभागों का संतुष्ट फीडबैक 50 प्रतिशत से कम रहेगा, उन विभागाध्यक्षों का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एवं शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित किए जाने के संबंध में प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएगा तथा उक्त प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए जाने के उपरांत ही संबंधित विभागाध्यक्ष का वेतन आहरित किया जाएगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्यालय में प्रतिदिन आईजीआरएस पोर्टल का अवलोकन एवं समीक्षा की जाए। लंबित एवं सी श्रेणी में अंकित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण के दौरान शिकायतकर्ता की उपस्थिति में स्थलीय निरीक्षण अवश्य किया जाए, ताकि वास्तविक तथ्यों के आधार पर शिकायतों का प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।
बैठक के दौरान कृषि विभाग, श्रम विभाग, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग तथा अधिशासी अधिकारी, दनकौर आदि विभागों की आईजीआरएस पोर्टल पर प्रगति की समीक्षा की गई। जिन विभागों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाई गई, उन्हें विशेष अभियान चलाकर लंबित एवं सी श्रेणी में अंकित शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी समीक्षा तक विभागीय प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित किया जाए।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने कहा कि सभी अधिकारी शिकायतकर्ताओं से नियमित रूप से संवाद बनाए रखें तथा प्रत्येक शिकायत का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आईजीआरएस पोर्टल पर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें, लंबित प्रकरणों में निरंतर कमी लाएं तथा जनपद की रैंकिंग में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करें।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, डिप्टी कलेक्टर चारुल यादव, सहायक आयुक्त स्टांप(द्वितीय) बृजेश कुमार, डिप्टी कमिश्नर प्रशासन राज्य कर विभाग अजीत कुमार सिंह, उपयुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग चंद सारस्वत एवं संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



