ग्रेटर नोएडा में धूमधाम से मनाया गया श्री चित्रगुप्त पूजा उत्सव,भजन-कीर्तन और भंडारे में उमड़े श्रद्धालु।
संवाददाता जे एस सिसोदिया

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में चित्रांश समाज की ओर से आराध्य देव भगवान श्री चित्रगुप्त जी का पूजा उत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क के निकट नवादा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कायस्थ समाज के सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सर्व समाज के कल्याण, सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की गई।

पूजन के बाद भव्य आरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ भाग लिया। इसके बाद भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। समाज के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में प्रतिभाशाली और होनहार बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे और सहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।

इस अवसर पर चित्रांश समाज के पदाधिकारियों, सदस्यों और बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग उपस्थित रहे।




