ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त सीईओ डॉ.बलकार सिंह ने संभाला कार्यभार, अधिकारियों के साथ की पहली बैठक,किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान।
संवाददाता जे एस सिसोदिया

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त मुख्य
कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. बलकार सिंह ने बुधवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। 2004 बैच के आईएएस अधिकारी एवं यूपीसीडा के सीईओ रहे डॉ. बलकार सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव और एसीईओ नुपुर गोयल की मौजूदगी में अधिकारियों के साथ पहली बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए किसानों की समस्याओं के समाधान, भूमि अधिग्रहण, विकास कार्यों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

सीईओ ने स्पष्ट कहा कि किसानों की आपसी सहमति और जायज मांगों को पूरा करते हुए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए। किसानों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राधिकरण कार्यालय में आने वाले प्रत्येक किसान और आवंटी की शिकायतों को सम्मानपूर्वक सुनें। किसी को भी कार्यालय में असुविधा महसूस नहीं होनी चाहिए।

उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए डॉ. बलकार सिंह ने गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना विभाग की टीम को नियमित रूप से निर्माण कार्यों की निगरानी करने तथा प्रतिष्ठित एजेंसी के माध्यम से भी गुणवत्ता की जांच कराने को कहा।
शहर में प्रदूषण की रोकथाम के लिए सड़कों के किनारे और सेंट्रल वर्ज पर घास लगाने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को फील्ड में जाकर समस्याओं को चिंहितकरने और उनके समाधान की कार्ययोजना तैयार कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। सीईओ ने एसटीपी से शोधित पानी के पुनः उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि सिंचाई और निर्माण कार्यों में भूजल के बजाय ट्रीटेड वाटर का इस्तेमाल किया जाए।
आवासीय सेक्टरों में खाली पड़े भूखंडों के आवंटियों को चिंहित कर उन्हें निर्माण के लिए प्रेरित करने के निर्देश नियोजन विभाग को दिए। उन्होंने निवेश को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम विकसित करने और निवेशकों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने पर भी जोर दिया। बैठक में जीएम वित्त स्वतंत्र गुप्ता, ओएसडी अभिषेक पाठक, गुंजा सिंह, लवगीत कौर, गिरीश कुमार झा, मुकेश कुमार सिंह, महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह समेत प्राधिकरण के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




