एक्सक्लूसिव खबरें

जैक्सन ग्रुप और अभिनंदन की पहल से संवरा दुरीयाई गांव का सरकारी विद्यालय।

संवाददाता जे एस सिसोदिया

एनसीआर लाइव :ग्रेटर नोएडा 21 नवंबर 2026। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जैक्सन ग्रुप और अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी ने गौतम बुद्ध नगर के बिसरख ब्लॉक स्थित दुरीयाई गांव के राजकीय विद्यालय के नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन किया। यह पहल ‘प्रोजेक्ट आरंभ जैक्सन अभिनंदन की संयुक्त पहल’ के अंतर्गत पूरी की गई है।

उद्घाटन समारोह में जैक्सन ग्रुप के सुश्री जेसिका बार्नेट तथा अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी की संस्थापक एवं सीईओ सुश्री मनीषा भाटिया सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे।

इस परियोजना के अंतर्गत विद्यालय के सात कक्षों का नवीनीकरण, फर्श एवं रंगाई-पुताई, विद्युत सुविधाओं में सुधार, दरवाजों एवं खिड़कियों की मरम्मत, रसोईघर एवं स्टोर का नवीनीकरण, मुख्य प्रवेश द्वार का विकास तथा विद्यालय परिसर का सौंदर्याकरण किया गया है।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित, आकर्षक एवं बाल-अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे उनकी विद्यालय में नियमित उपस्थिति, सीखने के प्रति रुचि और शैक्षणिक विकास को प्रोत्साहन मिल सके।

इस अवसर पर अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी की संस्थापक एवं सीईओ सुश्री मनीषा भाटिया ने कहा, “हमारा मानना है कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण मिलना चाहिए। प्रोजेक्ट आरंभ केवल विद्यालय के बुनियादी ढांचे में सुधार की पहल नहीं है, बल्कि यह बच्चों के सपनों, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य में हमारा निवेश है। इस महत्वपूर्ण पहल को साकार करने में सहयोग और विश्वास के लिए हम जैक्सन ग्रुप के आभारी हैं।”

यह पहल जैक्सन ग्रुप की सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता और अभिनंदन एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के जमीनी स्तर पर सामुदायिक विकास के प्रयासों का एक उदाहरण है। दोनों संस्थाओं का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसरों को बढ़ावा देना और ग्रामीण समुदायों में सकारात्मक एवं दीर्घकालिक बदलाव लाना है।

प्रोजेक्ट आरंभ का संदेश है ‘बेहतर विद्यालयों का निर्माण, उज्ज्वल भविष्य की ओर एक कदम।’

Related Articles

Back to top button