दिल्ली एनसीआर

छपरौला-दादरी औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक।

गौतमबुद्धनगर 3 जुलाई, 2026 जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में छपरौला-दादरी औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।


बैठक के दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर एनएचएआई द्वारा ड्रेनेज कार्य में हो रही देरी, पुराने विद्युत उपकेंद्र में जलभराव, औद्योगिक क्षेत्र में अग्निशमन वाहन की उपलब्धता तथा नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्शन-4 से संबंधित विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
जिलाधिकारी ने सभी बिंदुओं पर गहन विचार विमर्श करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों एवं व्यापारिक गतिविधियों में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार्य नहीं है।

सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर ड्रेनेज कार्य में प्रगति की समीक्षा करते हुए एनएचएआई के संबंधित ठेकेदार की बैठक में अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त की तथा शासन एवं संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर मामले से अवगत कराने के निर्देश दिए। वहीं, नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्शन-4 से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण एवं पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।


उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक एवं व्यापारिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा उद्योग प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखते हुए उनकी समस्याओं का प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर विवेक भदोरिया, जिला कृषि रक्षा अधिकारी विवेक दुबे, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button