श्रावण शिवरात्रि कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह एवं जिलाधिकारी मेधा रूपम ने की समीक्षा बैठक,कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संपन्न कराने हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश।

गौतमबुद्धनगर 08 जुलाई, 2026 आगामी श्रावण मास एवं शिवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को जनपद में सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, विद्युत, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समयबद्ध रूप से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस आयुक्त ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि संपूर्ण कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए तथा सभी विभाग अपने-अपने कंट्रोल रूम पूर्ण रूप से सक्रिय रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति का तत्काल एवं प्रभावी ढंग से समाधान किया जा सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं। कांवड़ शिविरों में पेयजल, साफ-सफाई, डस्टबिन, स्नानघर, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए नालों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए, ताकि कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस, चिकित्सकीय टीम एवं एंटी वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। प्रमुख स्थानों, कांवड़ शिविरों एवं निकटवर्ती थाना-चौकियों के पास मेडिकल शिविर स्थापित किए जाएं तथा निकटवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहें।
उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर विद्युत सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। ट्रांसफार्मरों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, बिजली के पोलों को इंसुलेशन से कवर किया जाए, जिससे वर्षा के दौरान करंट फैलने जैसी घटनाओं की संभावना समाप्त हो सके।
उन्होंने वन विभाग को कांवड़ मार्ग पर झाड़ियों की कटाई, मार्ग में बाधा उत्पन्न करने वाली पेड़ों की शाखाओं की छंटाई एवं साफ-सफाई का कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर पर्याप्त एवं निर्बाध प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, मार्ग पूरी तरह अवरोधमुक्त रखा जाए तथा अतिक्रमण हटाकर सड़कों को गड्ढामुक्त बनाया जाए। विशेष रूप से अधिक भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, व्यस्त सड़कों एवं चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं एवं विशेष निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कर मिलावट के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर निर्धारित मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए, जिससे कांवड़ यात्रियों को शुद्ध एवं निर्धारित दरों पर खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। उन्होंने प्रमुख स्थानों पर हेल्प डेस्क, दिशा-सूचक एवं सूचना बोर्ड स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी एवं सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की आवश्यकताओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नियमित रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी करें, जिससे कांवड़ यात्रा सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा रविशंकर निम, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) शाव्या गोयल, अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा मनीषा सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) आर.के. गौतम, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, डिप्टी कलेक्टर अभय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




