ग्रेटर नोएडा

सुपरटेक सीजर सोसायटी में खराब मेंटेनेंस को लेकर प्रदर्शन,वाईजी एस्टेट हटाने की मांग पर अड़े निवासी,महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने सड़क पर उतरकर किया प्रदर्शन।

संवाददाता: जे एस सिसोदिया

ग्रेटर नोएडा। सेक्टर ओमीक्रॉन-1 स्थित सुपरटेक सीजर सोसायटी में रविवार को खराब मेंटेनेंस व्यवस्था को लेकर निवासियों का गुस्सा सड़क पर दिखाई दिया। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों समेत बड़ी संख्या में सोसायटी के लोगों ने मेंटेनेंस एजेंसी वाईजी एस्टेट के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने एजेंसी को हटाने और सोसायटी की बदहाल व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग उठाई।

दरअसल सोसायटी निवासियों का आरोप है कि लंबे समय से सोसायटी में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनका स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। प्रदर्शन के बाद निवासी धरने पर बैठ गए और स्पष्ट किया कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

लिफ्ट से लेकर सफाई तक कई समस्याओं से परेशान निवासी

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि सोसायटी की लिफ्टें आए दिन खराब होती रहती हैं, जिससे खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और ऊंची मंजिलों पर रहने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। इसके अलावा पानी का रिसाव, जलभराव, गंदगी और जल निकासी की व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है।

चोरी और सांप-बंदरों के बढ़ते प्रकोप से सुरक्षा की चिंता

निवासियों ने सोसायटी में चोरी की घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि बंदरों के साथ अब सांपों का प्रकोप भी बढ़ रहा है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि पर्याप्त रखरखाव और निगरानी के अभाव में समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।

पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती नहीं होने का आरोप

सुपरटेक सीजर एओए के अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि सोसायटी में मेंटेनेंस कार्यों के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती नहीं है। इसके कारण निवासियों की शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि समस्याओं को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

एक महीने में हैंडओवर प्रक्रिया शुरू करने की मांग

निवासियों ने मांग की है कि वाईजी एस्टेट को मेंटेनेंस व्यवस्था से हटाकर एक महीने के भीतर व्यवस्थित हैंडओवर प्रक्रिया शुरू की जाए। इसके साथ ही प्रशासन से सोसायटी की सुरक्षा, लिफ्ट, सफाई, जल निकासी और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है। सोसाइटी निवासियों का कहना है कि जब तक समस्याओं का ठोस और स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button