एनआईयू के छात्र मोहम्मद उमैर को नेपाल में सम्मान, एनसीसी नेपाल के महानिदेशक मेजर जनरल यम प्रसाद ढकाल ने दिया प्रशंसा पत्र।
संवाददाता जे एस सिसोदिया

एनसीआर लाइव : ग्रेटर नोएडा नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी (एनआईयू) के एनसीसी सीनियर अंडर ऑफिसर (एसयूओ) मोहम्मद उमैर ने नेपाल में आयोजित 10 दिवसीय यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम (YEP) में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इस कार्यक्रम में उनके योगदान और सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी के लिए उन्हें एनसीसी नेपाल के महानिदेशक मेजर जनरल यम प्रसाद ढकाल ने प्रशंसा स्वरूप टोकन ऑफ एप्रिसिएशन देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान उमैर ने काठमांडू स्थित डायरेक्टरेट जनरल एनसीसी मुख्यालय में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं को प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर के भी दर्शन किए।
इस उपलब्धि पर एनआईयू के चेयरमैन डॉ. देवेश कुमार सिंह ने उमैर को बधाई देते हुए कहा, “उमैर की यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के साथ-साथ पूरे देश के लिए गर्व की बात है। मैं देश के सभी विद्यार्थियों, खासकर एनआईयू के छात्रों को प्रोत्साहित करता हूं कि वे ऐसे अंतरराष्ट्रीय अवसरों का लाभ उठाएं और देश के लिए योगदान देने के लिए जरूरी आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करें।”
अपने अनुभव साझा करते हुए उमैर ने कहा, “यह मेरे लिए बेहद शानदार और यादगार अनुभव रहा। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और अपने विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात थी। मैं आदरणीय डॉ. देवेश कुमार सिंह, चेयरमैन, डॉ. विक्रम सिंह, चांसलर, प्रो. (डॉ.) उमा भारद्वाज, वाइस चांसलर, एनआईयू के एनसीसी यूनिट और पूरी सहयोगी टीम का आभार व्यक्त करता हूं। विशेष रूप से लेफ्टिनेंट प्रतिमा पांडे, डायरेक्टर ऑफ स्पोर्ट्स एवं डीन, स्टूडेंट वेलबीइंग का धन्यवाद, जिन्होंने लगातार मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया।”
विश्वविद्यालय के अनुसार, उमैर की यह उपलब्धि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने और पढ़ाई के साथ-साथ उनके समग्र विकास के प्रयासों को दर्शाती है।




