दिल्ली एनसीआर

अगस्त क्रांति दिवस पर सदर तहसील के खिलाफ करप्शन फ्री इंडिया का हल्ला बोल, भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप।

संवाददाता :जे एस सिसोदिया

ग्रेटर नोएडा, 27 अगस्त। अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर करप्शन फ्री इंडिया संगठन के कार्यकर्ताओं ने गौतमबुद्धनगर की सदर तहसील पर कथित भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के विरोध में हल्ला बोल प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए भ्रष्ट अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

संगठन के नेता प्रवीण भारतीय ने आरोप लगाया कि आज़ादी के 84 वर्ष बाद भी सदर तहसील में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जाति, आय, मूल निवास और दाखिल-खारिज जैसी सेवाओं को ऑनलाइन किया है, लेकिन जमीनी स्तर पर लेखपाल की रिपोर्ट लगाने के नाम पर सुविधा शुल्क वसूला जाता है।

प्रवीण भारतीय ने दावा किया कि दाखिल-खारिज के मामलों में दलालों के माध्यम से रिश्वतखोरी की जाती है तथा दूर-दराज से आने वाले किसानों और ग्रामीणों को महीनों तक चक्कर कटवाए जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पैसे आम नागरिकों के कार्य समय पर नहीं किए जाते, जिससे किसानों को आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ती है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार भ्रष्टाचार मुक्त भारत का नारा दे रही हैं, लेकिन तहसीलों सहित अनेक सरकारी कार्यालयों में आम जनता को बिना रिश्वत काम कराना कठिन है। उन्होंने चेतावनी दी कि करप्शन फ्री इंडिया संगठन भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ अपना आंदोलन लगातार जारी रखेगा।

प्रदर्शन के दौरान संगठन ने तहसील में दलाल प्रथा समाप्त करने, रिश्वतखोरी की निष्पक्ष जांच कराने तथा किसानों और आम जनता के कार्य पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

Related Articles

Back to top button