तृतीय गौतम बुद्ध नगर जिला रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप 2026-27 का आयोजन।
संवाददाता जे एस सिसोदिया

ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो रोलर स्केटिंग स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में तृतीय गौतम बुद्ध नगर जिला रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप 2026-27 का आयोजन 24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ग्रेटर नोएडा में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में गौतम बुद्ध नगर जिले के लगभग 450 खिलाड़ी प्रतिभाग करने के लिए पहुंच रहे हैं।
ग्रेनो रोलर स्केटिंग स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आकाश रावल ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-6 आयु वर्ग से लेकर 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तक के बालक एवं बालिका खिलाड़ी विभिन्न श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के प्रथम दिन, 24 अक्टूबर को रोड रेस तथा दूसरे दिन, 25 अक्टूबर को रिंक रेस का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जिले की रोलर स्केटिंग प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन नवंबर 2026 बनारस में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा।
प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन से जिले के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
आकाश रावल
अध्यक्ष
ग्रेनो रोलर स्केटिंग स्पोर्ट्स एसोसिएशन




